लाइव सिटीज, पटना: बिहार का ‘कश्मीर’ कहे जाने वाले वाल्मीकि नगर में सोमवार की सुबह जदयू नेता निशांत कुमार के लिए बेहद खास रही. अपनी ‘सद्भाव यात्रा’ के दौरान उन्होंने वाल्मीकि टाइगर रिजर्व (VTR) की प्राकृतिक सुंदरता के बीच जंगल सफारी का आनंद लिया. घने जंगलों और शांत वातावरण के बीच वन्य जीवों को देख वे काफी उत्साहित नजर आए.
सफारी के दौरान निशांत कुमार को प्रकृति और वन्य जीवन के अद्भुत दृश्य देखने को मिले. उन्होंने जंगल के बीच स्वतंत्र विचरण करते हुए हिरण, मोर, भालू और जंगली सूअरों को काफी करीब से देखा.
इन वन्य जीवों को देख उन्होंने खुशी जाहिर करते हुए कहा कि वाल्मीकि नगर की जैव विविधता अद्वितीय है. वन विभाग के अधिकारियों ने सफारी के दौरान उन्हें संरक्षण के प्रयासों की जानकारी दी, जिसकी उन्होंने सराहना की. उन्होंने इस क्षेत्र को पर्यटन और रोजगार की दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण बताया.
