लाइव सिटीज, पटना: मौसम विभाग ने आज पूरे बिहार में अलर्ट जारी किया है. राज्य में मौसम बिगड़ा रह सकता है. कई हिस्सों में सोमवार को बारिश और आंधी की चेतावनी जारी की गई है. मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक चार मई को बिहार के कई हिस्सों में बारिश और तूफान आने की आशंका जताई गई है. इस दौरान कई जिलों में 70 से 80 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से आंधी चलने की आशंका है.
मौसम विभाग की माने तो, पूर्वी भारत में भी बारिश के साथ-साथ आकाशीय बिजली और वज्रपात का रौद्र रूप देखने को मिल सकता है. बिहार में पटना, पश्चिमी चंपारण, पूर्वी चंपारण, गया, सीवान, बक्सर, सारण, भोजपुर, मुजफ्फरपुर, समस्तीपुर, दरभंगा, मधुबनी, सहरसा, सुपौल, पूर्णिया, किशनगंज, अररिया, भागलपुर, कटिहार, खगड़िया और बेगूसराय में मूसलाधार बारिश का अलर्ट जारी किया गया है.
विभाग के मुताबिक, बाकी के सभी जिलों में मेघ गर्जन, बिजली और बारिश के साथ 40 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चलने की संभावना है. पटना में सोमवार को अधिकतम तापमान 32 डिग्री सेल्सियस जबकि न्यूनतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है.
