लाइव सिटीज, नालंदा: बिहार के नालंदा जिले में शीतला माता मंदिर मेले के दौरान हुई भगदड़ ने पूरे राज्य को झकझोर कर रख दिया है. इस दर्दनाक हादसे में आठ श्रद्धालुओं की मौत हो गई, जबकि कई लोग घायल हो गए हैं. घटना के बाद मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने गहरा शोक व्यक्त किया है और मृतकों के परिजनों के लिए मुआवजे का ऐलान किया है. मुख्यमंत्री ने हादसे में जान गंवाने वाले श्रद्धालुओं के परिजनों को आपदा प्रबंधन विभाग की ओर से 4 लाख रुपये और मुख्यमंत्री राहत कोष से 2 लाख रुपये देने का निर्देश दिया है.
नालंदा हादसे की खबर मिलते ही मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने प्रशासन की टीम को घायलों के समुचित इलाज कराने की व्यवस्था करने को कहा है. मुख्यमंत्री ने कहा कि यह घटना अत्यंत दुखद है और वे इससे मर्माहत हैं. मुख्यमंत्री के निर्देश पर वरीय अधिकारी घटनास्थल पर पहुंच गए हैं और राहत एवं बचाव कार्य जारी है. मुख्यमंत्री ने घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की है और उनके समुचित इलाज के निर्देश दिए हैं
बता दें, भगदड़ की घटना नालंदा के बिहारशरीफ स्थित मघड़ा इलाके में हुई, जहां शीतला अष्टमी के अवसर पर भारी संख्या में श्रद्धालु जुटे थे. चैत महीने के अंतिम मंगलवार को दर्शन के लिए उमड़ी भीड़ के बीच अचानक अफरा-तफरी मच गई और भगदड़ की स्थिति बन गई.
