लाइव सिटीज, पटना: बिहार में आज से मैट्रिक (10वीं) की वार्षिक परीक्षा 2026 की शुरुआत हो रही है. मैट्रिक परीक्षा 2026 में राज्य के लगभग 15.12 लाख परीक्षार्थी दो पालियों में 1699 परीक्षा केंद्रों पर परीक्षा देंगे. कुल 1512687 परीक्षार्थियों में 785722 छात्राएं और 726961 छात्र इस परीक्षा में शामिल होंगे
मैट्रिक परीक्षा में इस बार छात्रों से अधिक छात्राओं की संख्या है. बोर्ड के अध्यक्ष आनंद किशोर ने बताया कि राज्य सरकार जिस प्रकार बालिका शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए विभिन्न योजनाएं चला रही है, उसी का परिणाम है कि शिक्षा में लड़कियों की भागीदारी बढ़ी है.
बिहार बोर्ड के अध्यक्ष आनंद किशोर ने बताया कि यह परीक्षा प्रतिदिन दो पालियों में आयोजित होगी. पहले दिन दोनों पालियों में मातृभाषा विषय की परीक्षा आयोजित की जा रही है, जिसमें हिंदी, उर्दू, बांग्ला और मैथिली विषय शामिल हैं.
पहली पाली में 758633 परीक्षार्थी और दूसरी पाली में 754054 परीक्षार्थी परीक्षा में शामिल हो रहे हैं. बोर्ड ने परीक्षा को निष्पक्ष, शांतिपूर्ण और कदाचारमुक्त कराने के लिए व्यापक तैयारियां की हैं. सभी परीक्षा केंद्रों पर प्रश्नपत्रों की गोपनीयता और सुरक्षा के लिए विशेष व्यवस्था की गई है.
बोर्ड के अध्यक्ष आनंद किशोर ने बताया कि परीक्षा प्रारंभ होने के आधा घंटा पहले परीक्षा केंद्र के मुख्य द्वार को बंद कर दिया जाएगा और किसी भी परीक्षार्थी को देरी से प्रवेश की अनुमति नहीं दी जाएगी. परीक्षार्थियों को परीक्षा शुरू होने से कम से कम 30 मिनट पहले परीक्षा भवन में प्रवेश करना अनिवार्य होगा.
