लाइव सिटीज, पटना: राज्य सरकार ने चार वरीय पुलिस उपाधीक्षकों (SDPO) को पदोन्नत करते हुए अपर पुलिस अधीक्षक (ASP) बनाया है. इस संबंध में सामान्य प्रशासन विभाग ने अधिसूचना जारी कर दी है. जारी आदेश के अनुसार पद ग्रहण करने की तिथि से सभी अधिकारियों को अपर पुलिस अधीक्षक के पद पर निर्धारित वेतनमान और अन्य सुविधाओं का लाभ मिलेगा
जिन अधिकारियों को प्रोन्नति मिली है, उनमें पटना के लॉ एंड ऑर्डर SDPO-1 कृष्ण मुरारी प्रसाद, संजीत कुमार प्रभात, राजकुमार शाह और सुमित कुमार शामिल हैं. प्रमोशन की खबर मिलते ही पुलिस महकमे में खुशी की लहर दौड़ गई.
लॉ एंड ऑर्डर SDPO-1 के रूप में कार्यरत कृष्ण मुरारी प्रसाद वर्ष 2013 बैच के पदाधिकारी हैं. इससे पहले वे नालंदा जिले में पदस्थापित थे. पिछले दो वर्षों से वे पटना में लॉ एंड ऑर्डर की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी संभाल रहे हैं. उनके कार्यकाल के दौरान राजधानी में विधि-व्यवस्था बनाए रखने में अहम भूमिका रही है.
प्रमोशन के बाद शनिवार को कृष्ण मुरारी प्रसाद और संजीत कुमार प्रभात पटना के वरीय पुलिस अधीक्षक कार्तिकेय शर्मा के कार्यालय पहुंचे. इस मौके पर SSP ने दोनों अधिकारियों को अशोक स्तंभ का बैच पहनाकर सम्मानित किया और उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं.
इधर, पटना जिले में तैनात चार पुलिस पदाधिकारियों का तबादला भी किया गया है. SSP कार्यालय की ओर से जारी आदेश के अनुसार फतुहा थानेदार इंस्पेक्टर सदानंद शाह को लाइन क्लोज कर दिया गया है. उनकी जगह इंस्पेक्टर कुमार रौशन को फतुहा का नया थानेदार बनाया गया है. वहीं सब इंस्पेक्टर कमलेश राज को सुलतानगंज थाने का थानाध्यक्ष बनाया गया है. इसके अलावा सब इंस्पेक्टर रवि कांत को गुलजारबाग टीओपी का प्रभारी नियुक्त किया गया है.
