लाइव सिटीज, पटना: बिहार में जमीन से जुड़े दस्तावेज निकालने की प्रक्रिया अब पूरी तरह डिजिटल होने जा रही है. राज्य के निबंधन कार्यालयों में सुरक्षित रखे गए वर्ष 1908 से अब तक के रजिस्ट्री पेपर जून महीने से ऑनलाइन उपलब्ध कराए जाएंगे
इससे लोगों को वर्षों पुराने दस्तावेजों के लिए दफ्तरों के चक्कर लगाने से छुटकारा मिलेगा. मद्य निषेध, उत्पाद एवं निबंधन विभाग ने इस दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए स्कैनिंग कार्य को अंतिम चरण में पहुंचा दिया है.
विभागीय अधिकारियों के अनुसार अगले तीन महीनों में स्कैनिंग की प्रक्रिया पूरी कर ली जाएगी. इसके बाद जून से विभाग की आधिकारिक वेबसाइट https://nibandhan.bihar.gov.in पर 1908 से अब तक के सभी उपलब्ध रजिस्ट्री दस्तावेज अपलोड कर दिए जाएंगे.
खास बात यह है कि वर्ष 1990 से 2005 तक के रजिस्ट्री पेपर पहले ही स्कैन कर ऑनलाइन किए जा चुके हैं, जबकि 2006 के बाद की रजिस्ट्री प्रक्रिया पहले से कंप्यूटराइज्ड है.
