लाइव सिटीज, नवादा: बिहार सरकार के ग्रामीण कार्य मंत्री अशोक चौधरी आज नवादा जिला में ग्रामीण पथ सुदृढ़ीकरण एवं प्रबंधन कार्यक्रम के तहत बनने वाली ग्रामीण सड़कों, पुल-पुलिया एवं विभिन्न संपर्क मार्ग योजनाओं का मुख्यमंत्री नीतीश कुमार द्वारा पूर्व में किये गए कार्यारंभ एवं शिलान्यास के शिलापट्ट अनावरण व जनसंवाद कार्यक्रम में सम्मिलित हुए तथा वहां उपस्थित परिवारजनों से आत्मीय संवाद स्थापित किया। इस दौरान कहा कि बिहार के माननीय मुख्यमंत्री श्री नीतीश कुमार ने न्याय के साथ विकास को शासन का मूल मंत्र बनाते हुए बिहार की आधी आबादी – महिलाओं को सामाजिक, आर्थिक और राजनीतिक स्तर पर मज़बूत और आत्मनिर्भर बनाने का काम किया है।
उन्होंने कहा कि हमारे राजनीतिक पूर्वजों ने शुरू से ऐसी कामना की है कि प्रदेश के शासन की कमान ऐसे नेताओं के हाथ में हो जो राज्य में सामाजिक समरसता, आर्थिक समानता तथा सभी को समान अवसर के लिए काम करें। वर्ष 2005 में जब माननीय नेता को बिहार की जनता ने सत्ता की बागडोर सौंपी, तभी से माननीय नेता ने बिहार के हर आदमी के लिए कार्य किया, योजनाओं का निर्माण किया और उसका सफल क्रियान्वयन होकर समाज के अंतिम व्यक्ति तक लाभ पहुंचे, इसे भी सुनिश्चित किया ।
उन्होंने कहा कि महिला सशक्तिकरण की दिशा में नीतीश सरकार की दो अनूठी योजनाएं—जीविका दीदी और दीदी की रसोई—आज पूरे देश में उदाहरण बन चुकी हैं। जीविका के माध्यम से लाखों ग्रामीण महिलाएं बैंक सखी, उद्यमी और नेतृत्वकर्ता बनी हैं, वहीं ‘दीदी की रसोई’ के माध्यम से स्कूलों, अस्पतालों और कार्यालयों में स्थानीय महिलाओं को रोजगार व सम्मानजनक भूमिका मिली है। इन प्रयासों को विश्व बैंक, यूनिसेफ और विभिन्न राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय संस्थाओं ने सराहा है। ‘बिहार मॉडल’ को महिला सशक्तिकरण के क्षेत्र में एक प्रेरणादायक उदाहरण माना गया है, जिसे गुजरात तथा कर्णाटक सहित अन्य राज्यों ने भी अपनाया है।
अशोक चौधरी ने कहा कि नीतीश कुमार जी की दूरदर्शी सोच ने शिक्षा को सामाजिक परिवर्तन का साधन बनाया है। वर्ष 2005 में जहाँ 10.5% बच्चे स्कूल छोड़ देते थे, आज यह आंकड़ा घटकर 1% से भी कम हो चुका है। विशेषकर महादलित, अल्पसंख्यक और अतिपिछड़े वर्ग के बच्चों को तालीमी मरकज़ और टोला सेवक के माध्यम से मुख्यधारा से जोड़ा गया। बालिका पोशाक योजना और साइकिल योजना जैसी क्रांतिकारी पहलों ने लाखों बच्चियों को स्कूल लौटाया और उन्हें आत्मनिर्भरता की राह दिखाई। वर्ष 2005 में जहाँ मैट्रिक परीक्षा में मात्र 4 लाख विद्यार्थी सम्मिलित होते थे, आज यह संख्या 18 लाख को पार कर चुकी है, जिनमें 8.5 लाख बेटियाँ हैं — यह नारी सशक्तिकरण का जीवंत उदाहरण है।
जनसंवाद के दौरान अशोक चौधरी ने ग्रामीण कार्य विभाग की नवादा जिले की योजनाओं पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने बताया कि कुल मिलाकर नवादा ज़िले में 581 सड़कों और 11 पुलों की स्वीकृति दी गई है। इन सड़कों की कुल लंबाई 811.03 किलोमीटर है और कुल राशि ₹691.74 करोड़ स्वीकृत हुई है। (विस्तृत विवरण संलग्न)
इस कार्यक्रम में मंत्री अशोक चौधरी के साथ भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व केन्द्रीय मंत्री श्री सैयद शाहनवाज़ हुसैन, मंत्रिमंडल की साथी श्रीमती शीला मंडल, स्थानीय सांसद श्री विवेक ठाकुर, विभागीय पदाधिकारीगण एवं अनेक गणमान्य व्यक्तियों की उपस्थिति रही।
इसके बाद अशोक चौधरी ने जिला मुख्यालय के गाँधी स्कूल मैदान में एनडीए की विधानसभावार कार्यकर्ता सम्मेलन श्रृंखला के तहत आयोजित कार्यकर्ता सम्मलेन को भी संबोधित किया। वहां उपस्थित साथी नेताओं, सम्मानित कार्यकर्ताओं, आदरणीय मतदाताओं के साथ आये विशाल जनसमूह को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि नवादा में उमड़ा यह जनसैलाब, कार्यकर्ताओं का जोश और उत्साह इस सच्चाई का जीवंत प्रमाण है कि जनता विकास, प्रगति और सुशासन की राह में एनडीए के साथ अटूट विश्वास और मजबूती के साथ खड़ी है। उन्होंने उपस्थित सभी से अपील करते हुए कहा कि बिहार ने पिछले दो दशकों में जो बदलाव देखा है, वह माननीय मुख्यमंत्री श्री नीतीश कुमार जी की दूरदृष्टि, ईमानदार नेतृत्व और “न्याय के साथ विकास” की अटूट प्रतिबद्धता का परिणाम है। आने वाले विधानसभा चुनाव में यह सिर्फ़ सरकार बदलने का सवाल नहीं, बल्कि विकास की इस रफ्तार को और तेज़ करने का संकल्प है। आइए, एकजुट होकर बिहार के स्वाभिमान, स्थिरता और प्रगति के लिए नीतीश कुमार जी को पुनः अपार बहुमत से विजयी बनाने का संकल्प लें।
इस दौरान अशोक चौधरी के साथ भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व केन्द्रीय मंत्री सैयद शाहनवाज़ हुसैन, मंत्रिमंडल की साथी शीला मंडल, स्थानीय सांसद विवेक ठाकुर, विधान परिषद सदस्य अशोक यादव, जद (यू) के राष्ट्रीय महासचिव सह पूर्व विधायक ई॰ सुनील कुमार, राष्ट्रीय प्रवक्ता एलजेपी (आर) धीरेन्द्र कुमार मुन्ना, राष्ट्रीय महासचिव राम कुमार मेहता, राष्ट्रीय प्रवक्ता हम पार्टी श्याम सुंदर शरण, जद(यू) जिलाध्यक्ष मुकेश विधार्थी, भाजपा जिलाध्यक्ष अनिल मेहता, लोजपा (आर) जिलाध्यक्ष मनोज सिंह, हम पार्टी जिलाध्यक्ष अशोक मांझी तथा आरएलएम जिलाध्यक्ष राजेन्द्र कुशवाहा सहित एनडीए के सभी साथीगण व अनेक गणमान्य व्यक्तियों की उपस्थिति रही।