लाइव सिटीज, पटना: जनता दल यूनाइटेड को एक बार फिर एक बड़ा झटका लगा है। जनता दल यूनाइटेड के पूर्व विधायक मास्टर मुजाहिद आलम ने शनिवार को पार्टी को अलविदा कह दिया। इतना ही नहीं उनके साथ कई कार्यकर्ता भी पार्टी छोड़ दी है। इस बात की जानकारी पूर्व विधायक मास्टर मुजाहिद आलम ने शनिवार को प्रेस वार्ता कर इसकी जानकारी दी है। इस्तीफे के बाद और प्रेस वार्ता के पहले उन्होंने किशनगंज स्थित जदयू कार्यालय से मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के सभी पोस्टर और बैनर हटा दिए।
मुजाहिद आलम ने बताया कि वह विगत 15 वर्षों से जदयू से जुड़े थे। वह किशनगंज जिले में पार्टी के जिलाध्यक्ष थे। 2023 के लोकसभा चुनाव में वह पार्टी के प्रत्याशी भी रह चुके हैं। उन्होंने बताया कि इस्तीफे का मुख्य कारण वक्फ बिल पर नीतीश कुमार का बदला हुआ रुख है।
मुजाहिद आलम ने कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने वक्फ बिल पर केंद्र सरकार का समर्थन किया। यह मुसलमानों के धार्मिक अधिकारों में हस्तक्षेप है। उन्होंने कहा कि इस बिल के द्वारा केंद्र सरकार की वक्फ की जमीनों पर कब्जा करना चाहती है। यह केंद्र सरकार की साजिश है, जिसे हम हरगिज पूरा होने नहीं देंगे। हमारा विरोध मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के बदले मिजाज के कारण है।