HomeBiharअमेरिका की क्रिस्टीन ने छठ गीत गाकर बनाया VIDEO, दी महापर्व की...

अमेरिका की क्रिस्टीन ने छठ गीत गाकर बनाया VIDEO, दी महापर्व की शुभकामनाएं

लाइव सिटीज, सेंट्रल डेस्क: महान लोक आस्था का महापर्व छठ शुक्रवार को नहाय खाये के साथ शुरू हो गया है. चार दिनों तक चलने वाले इस पर्व की महिमा निराली है. छठ पर्व अब सिर्फ बिहार या देश तक ही सीमित नहीं रहा है, बल्कि अब विदेशों में भी महापर्व छठ को बड़े ही निष्ठा और उमंग के साथ मनाया जाता है.

विदेशों में भी अब छठ के मधुर लोकगीत सुनाई देते है. छठ पर्व के अनुष्ठान को देखने के लिए वहां के स्थानीय लोग भी गवाह बनते हैं. इंटरनेट और सोशल मीडिया पर भी विदेशियों द्वारा छठ पूजा की बधाई दी जाती है. इसी बीच अब अमेरिका की रहने वाली क्रिस्टीन ने एक छठ गीत गाया है. ये गीत बड़ी तेजी से सोशल मीडिया पर भी वायरल हो रहा है.

प्रसिद्ध लोक गायिका शारदा सिन्हा के गाए एक गीत को क्रिस्टीन ने अपनी आवाज में गाया है. लोग क्रिस्टीन द्वारा गाए इस गीत को खूब पसंद कर रहे हैं और सोशल मीडिया पर साझा कर रहे हैं. क्रिस्टीन शारदा सिन्हा का गीत “पटना के घटवा पर हमहूं अरघिया देबै हे छठी मैया” गा रही हैं. उनके द्वारा भोजपुरी अंदाज में गाए इस गीत की तरफ लोग काफी आकर्षित हो रहे हैं. क्रिस्टीन ने इस वीडियो में छठ की शुभकामनाएं भी दी वो भी भोजपुरी भाषा में.

क्रिस्टीन ने बताया कि उन्हें भोजपुरी में छठ गीत गाने की प्रेरणा उनके एक बिहारी मित्र से मिली है. उनके दोस्त ने ही उन्हें छठ गीत गाने के लिए प्रेरित किया. उन्होंने गीत गाने के दौरान अगर किसी तरह की कोई गलती हो जाए तो उसके लिए भी माफी मांगी. उन्होंने कहा है कि अगले वर्ष वो और बेहतर तरीके से गीत गायेंगी और छठ की शुभकामनाएं देंगी. क्रिस्टीन ने इस वीडियो को अपने यूट्यूब चैनल पर अपलोड किया है. जहां से लोगों द्वारा इस वीडियो को शेयर किया जा रहा है.

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments

bracunrenra1985 on Home
freefonnatic1971 on Home